खट्टा प्रहलादपुर में प्रधान क्षमा देवी के मकान पहुंची प्रशासन टीम व तैनात पुलिसफोर्स। संवाद
- फोटो : संवाद
रटौल। खट्टा प्रहलादपुर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर बनाए गए प्रधान क्षमा देवी के मकान को ध्वस्त करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम वापस लौट गई। अफसरों ने जल्द ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने की बात कहीं।
खट्टा प्रहलादपुर गांव में ग्राम समाज की भूमि पर प्रधान समेत कई लोगों ने कब्जा करके मकान बनाए हुए थे। इसमें सितंबर 2024 में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम समाज की भूमि से कब्जा हटवाते हुए कई मकानों को ध्वस्त कराया, जबकि प्रधान समेत कई मकान छोड़ दिए गए थे।
बुधवार को नायब तहसीलदार मोनिका यादव, राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार, लेखपाल मोहित तोमर पुलिस बल के साथ खट्टा प्रहलादपुर गांव में प्रधान का मकान ध्वस्त करने पहुंचे।
मगर, वह कार्रवाई किए बिना ही वहां से वापस लौट आए। इस मामले में एसडीएम अविनाश त्रिपाठी का कहना है कि तीन मंजिला मकान का निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाई गई। संसाधनों की कमी के चलते ध्वस्तीकरण नहीं हो सका। जल्द ही टीम को भेजकर ग्राम समाज की भूमि कब्जामुक्त कराई जाएगी।