बड़ाैत (बागपत)। परीक्षा में फेल होने पर पॉलीटेक्निक के छात्र ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसकी हालत बिगड़ने पर शिक्षकों ने जिला अस्पताल में उपचार कराया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
कोताना गांव के पॉलिटेक्निक कॉलेज में अलीगढ़ जिले का रहने वाला एक छात्र पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहा है। बृहस्पतिवार को छात्र का परीक्षा परिणाम आया। जिसमें छात्र फेल हो गया था। शिक्षकों ने छात्र को समझाकर उसका तनाव कम करने का प्रयास किया, लेकिन छात्र ने अपने कमरे पर जाकर देर शाम जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और साथी छात्रों ने शिक्षकों को इसके बारे में बताया।
कोताना गांव के लोगों ने छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद छात्र की हालत में सुधार हो गया। पता चलने पर जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. एसके चौधरी भी छात्र को देखने पहुंचे। उनका कहना है कि छात्र की हालत खतरे से बाहर है। जिसे बेहतर उपचार दिलाने के लिए उसे हायर सेंटर रेफर भेजा गया है। शिक्षकों ने छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी है।
प्रधानाचार्य का कहना है कि पॉलीटेक्निक के छात्र का जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला जानकारी में नही है। इसके बारे में पता कराया जाएगा।