बड़ौत। मलकपुर चीनी मिल में बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य कई मांगों को लेकर चल रहा किसानों का धरना सोमवार को मिल के यूनिट हेड के आश्वासन पर समाप्त हो गया। यूनिट हेड ने गत वर्ष का सारा बकाया भुगतान आगामी 15 फरवरी तक किसानों के खाते में भेजने का आश्वासन दिया।
याद दिला दें क्षेत्र के बावली, मलकपुर, जौनमाना, ढ़िकाना, बावली आदि गांव के काफी संख्या मेें किसानों ने सोमवार को मलकपुर चीनी मिल पहुंचकर हंगामा और प्रदर्शन धरना शुरू कर दिया गया। धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान के अलावा मिल परिसर में किसानों के पीने के पानी, ठहरने, शौचालय की व्यवस्था और खस्ताहाल मार्गों के मरम्मतीकरण की मांग उठाई थी। सोमवार की तड़के मिल के यूनिट हैड विपिन चौधरी किसानों के बीच पहुंचे और उनकी सभी मांगों को जल्द ही पूरी करने का आश्वासन दिया और गत वर्ष का समस्त बकाया भुगतान को 15 फरवरी तक करने का वायदा किया। इसमें डॉ. प्रताप लोयन, विपिन पूनिया, सुरेश पाल, गौरव बावली, कुलदीप, विपिन पूनिया, नीरज, राज कुमार, जय सिंह आदि किसान शामिल रहे।