बिनौली (बागपत)। मेरठ-बड़ौत मार्ग खिवाई मोड़ के पास सोमवार को सड़क दुर्घटना हुई। इसमें कार सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे को लेकर सिरसली गांव में मृतक के परिवार वालों में कोहराम मच गया।
यह हादसा सोमवार की अल सुबह मेरठ-बड़ौत रोड खिवाई मोड़ पर स्थित सुमेति शुगर फैक्टरी के सामने हुआ। सिरसली निवासी ललित तोमर और भारत तोमर , सतीश पुत्र राजवीर गांव कमालपुर जिला शामली अल्टो कार में सवार होकर मेरठ से सिरसली गांव को लौट रहे थे। जब कार मेरठ-बड़ौत रोड पर खिवाई से आगे सुमेति शुगर फैक्टरी के पास पहुंची, तो कोहरे के चलते कुछ दिखाई नहीं देने के कारण सामने से आ रही कार से उनकी कार की टक्कर हो गई। इससे कार में सवार लोग फंस गए। हादसे में भारत तोमर की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को कार से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना देकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।