बागपत। मुरादनगर मार्ग पर ढिकौली से हिंडन पुल तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। जिसके लिए शासन ने 23 करोड़ 73 लाख रुपये बजट की मंजूरी दे दी है। मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने निविदा जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। मार्ग के चौड़ीकरण से दो जिलों के 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
बागपत-मुरादनगर मार्ग से दो जिलों के 20 से अधिक गांवों के ग्रामीण नियमित आवागमन करते हैं। जिसकी हालत खराब होने और जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क का सर्वे कराया और हालत खराब मिलने पर प्रस्ताव बनाकर अधीक्षण कार्यालय पर भेजा। जिसमें शासन ने बागपत से पांची तक सड़क निर्माण के लिए 10.54 करोड़ रुपये बजट मंजूर कर दिया। इसके बाद शासन ने ढिकौली से हिंडन पुल तक सड़क के चौड़ीकरण के प्रस्ताव को 23.75 करोड़ रुपये बजट मंजूर कर दिया। जिसमें ढिकौली गांव से हिंडन पुल तक आठ किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। जिसकी निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
चौड़ीकरण से जिले के कासमाबाद दुड़भा, अहैड़ा, पाबला, हरचंदपुर, सुन्हैड़ा, बसी, खट्टा प्रहलादपुर, पांची, ढिकौली, चांदीनगर, चमरावल, कहरका, मुकारी, घटौली और गाजियाबाद जिले के कई गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
- वर्जन-मुरादनगर मार्ग पर बागपत से पांची तक सड़क की हालत सुधारने के लिए 23.75 करोड़ रुपये बजट मंजूर हुआ है। जल्द निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर काम शुरू करा दिया जाएगा। - अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि