- माखर गांव में ओवरफ्लो तालाब से पानी निकासी को लेकर हुई मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। माखर गांव में ओवरफ्लो तालाब से पानी निकासी को लेकर राजस्व विभाग के टीम के सामने ही प्रधान सुमित्रा देवी और पूर्व प्रधानपुत्र रजत आपस में भिड़ गए। उनके बीच मारपीट भी हो गई। राजस्व टीम ने किसी तरह मामला शांत कराया। उधर, दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
माखर गांव के बाहरी छोर पर स्थित तालाब ओवरफ्लो होने से जलभराव की समस्या बनी हुई। प्रधान सुमित्रा देवी ने बताया कि तालाब में मछली पालन करने वाला व्यक्ति पानी निकासी नहीं करने देता। इसकी शिकायत एसडीएम बड़ौत से की थी। शिकायत पर बृहस्पतिवार को कानूनगो सूर्यप्रताप, लेखपाल मुकुल कुमार गांव में आए और तालाब किनारे खड़े होकर ओवरफ्लो तालाब से पानी निकासी के लिए जांच करने लगे। तभी पूर्व प्रधानपुत्र रजत वहां आकर विरोध करने लगा। इस दौरान उनके बेटे अरविंद उर्फ बिट्टू के साथ मारपीट की गई। उधर, रजत ने प्रधान पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।