बागपत। बीए की छात्रा की अस्मत लूटने, नौकरी का झांसा देकर उसे दिल्ली में 15 लाख रुपये में बेचने के मामले में पीड़ित शनिवार को फिर एसपी दफ्तर में पहुंची। पीड़ित ने कहा पुलिस केस में कार्रवाई करने के बजाए तीन लाख में समझौते का दबाव बना रही है। मना करने पर उसको धमकी मिल रही है। इससे वह परेशान है। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के एक गांव की बीए की छात्रा ने बताया उसका रेलवे विभाग के एक कर्मचारी से करीब दो साल पहले प्रेम प्रसंग हो गया था। आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी उससे शादी करने के लिए तैयार हो गया था। 13 दिसंबर 2016 को आरोपी अपने साथियों के साथ अग्रवाल मंडी टटीरी स्टेशन से कार में जबरदस्ती लोनी लेकर गया। आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में दिल्ली पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर दिल्ली में ले जाकर उसे 15 लाख रुपये में बेच दिया। 24 दिसंबर 2016 को वह किसी तरह वहां से आई। उसने पुलिस अफसरों से शिकायत की। आरोप है पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला थाना पुलिस कार्रवाई करने के बजाए दो-तीन लाख रुपये में केस में समझौता करने का दबाव बना रही है। आरोपी पुलिस के सामने उनको धमकी देते हैं। इससे वह भयभीत है। उसने मंगलवार को एसपी दफ्तर में पहुंचकर शिकायत की। महिला थाना पुलिस ने कहा उन पर लगाया आरोप पूरी तरह से गलत है।