नर्सिंग होम के बाहर सर्दी में लगा दी मरीज को ड्रीप
- फोटो : amar ujala
बागपत। स्वास्थ्य विभाग के पास इमारत तो भरपूर है, लेकिन साधनों का टोटा है। विभागीय अफसरों के मरीजों को सभी सुविधाएं देने के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। एंबुलेंस के अभाव में एक मजदूर महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। प्राइवेट नर्सिंग होम संचालक तो आदेश का पालन हीं नहीं कर रहे हैं। मरीजों से रुपये तो लिए जा रहे हैं, लेकिन कोई उन्हें वो सुविधा नहीं दी जा रही है। हाईवे पर स्थित एक गैस एजेंसी के पास नर्सिंग होम के बाहर भरी सर्दी में मरीज को ड्रीप लगाकर चारपाई पर लेटाएं रखा। जबकि ठंड के कारण तीमारदार के साथ मरीज भी कांप रहा था।
सीन नंबर-1
दोपहर 12.15 बजे गौरीपुर गांव निवासी एक युवक दो महिला और दो बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। पर्ची काउंटर पर पहुंचा, वहां से उसने पर्ची ली और दोनों महिलाओं को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा। दर्द से तड़प रही महिला का उपचार कराया। युवक ने बताया उसकी पत्नी गंभीर बीमार थी, एंबुलेंस नहीं मिली तो मजबूर होकर रेहड़े पर लेटाकर जिला अस्पताल पहुंचा था।
सीन नंबर-2
दोपहर 02.30 बजे दिल्ली-यमनौत्री हाईवे पर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक नर्सिंग होम के बाहर कड़कड़ाती सर्दी में डॉक्टर ने मरीज को ड्रीप लगाकर चारपाई पर लेटा दिया। बेबस माता - पिता (तीमारदार) ड्रीप खत्म होने का इंतजार करते रहे। मरीज के साथ-साथ दंपति भी कांपते हुए बेटे को देखते रहे। कई घंटे बाद जब ड्रीप खत्म हुई तब उसे अंदर बिस्तर पर लेटाया गया।
सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने कहा सर्दी में मरीज को ड्रीप नर्सिंग होम के बाहर लगाई है यह मामला गंभीर है। इसकी जांच करवाकर कार्रवाई प्रकाश में लाई जाएगी। एंबुलेंस न मिलने की भी जांच कराएंगे।