उत्तर प्रदेश के बागपत में नगर निवासी एक वृद्ध 80 हजार रुपये देकर हरियाणा से दुल्हन ले आया। मगर, चौथे दिन ही वह फरार हो गई। पीड़ित वृद्ध ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इनमें एक आरोपी मेरठ क्षेत्र का रहने वाला है।
बागपत निवासी 65 वर्षीय वृद्ध ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अकेला रहता है और बीमार है। मेरठ के ग्राम रासना निवासी यामीन ने करीब एक माह पूर्व झांसा दिया कि मेरी पत्नी रानी कुरुक्षेत्र, हरियाणा की है। वह अपनी एक परिचित महिला से तुम्हारी शादी करा देगी। आरोपी यामीन, रानी के अलावा सराजू निवासी ग्राम सिसाना 28 जून को उसे हरियाणा में एक होटल में लेकर गए और करीब 60 वर्षीय महिला से मुलाकात कराई। शादी कराने के एवज में 80 हजार रुपये की डिमांड की गई। बैंक से रुपये निकालकर आरोपियों को दे दिए। फिर जयमाला डालकर शादी की रस्म पूरी की गई। इस संबंध में दस्तावेज तैयार कराए गए। इसके बाद वह पत्नी को साथ लेकर घर पर आ गया था।
बताया कि पत्नी अपने हाथ में दर्द बता रही थी। वह उसे दो जुलाई को बड़ौत के एक निजी अस्पताल में लेकर गया। पानी लेने कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर चला गया। लौटा तो पत्नी वहां पर नहीं मिली। तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। आरोप है कि महिला व पुरुषों ने धोखाधड़ी कर उससे रुपये हड़पे है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कोतवाली एसएसआई संजय कुमार का कहना है कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।