बागपत के बड़ौत के विजयनगर मोहल्ले के एक व्यक्ति को दो बाइकसवार घर से बुलाकर ले गए और उनकी लोहे की छड़ों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को पशु पैंठ के पास राजवाहे की पटरी पर फेंककर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, नफीस (उम्र 42 वर्ष) पुत्र अब्दुल करीम विजयनगर बड़ौत में रहते थे। वे प्लास्टिक व पन्नी जमा कर बेचने का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह बाइक पर सवार दो युवक आए थे। पहले उन्होने नफीस के मोबाइल पर फोन भी किया था, लेकिन वह रिसीव नहीं किया गया था। बाद में एक युवक घर में आया और नफीस को बुलाकर ले गया। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। उधर, बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव पशु पैंठ के पास राजवाहे की पटरी पर पड़ा है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। बाद में इस शव की शिनाख्त शाकिर ने अपने पिता नफीस के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक, नफीस के सिर में लोहे की छड़ों से वार कर हत्या की गई थी। इसकी सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। शाकिर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नफीस अपने पीछे दो बेटे व दो बेटियां छोड़ गया है। उसके घर में महिलाएं व बेटियां गमगीन बैठी थी।
इस संबंध में एसएसआई फिरोज अख्तर ने बताया कि फिलहाल नफीस के मोबाइल को कब्जे में लिया गया है। जो युवक बुलाने आए थे, उन्होंने पहले उसे कॉल की थी। इस कॉल के आधार पर ही हत्यारोपियों का पता लगाया जाएगा।