बागपत। यहां पिछले कई दिनों से मोबाइल छीनने की लगातार हो रही घटनाओं के बीच एक बदमाश को पकड़ा है। वह राष्ट्र वंदना चौक पर युवक का मोबाइल छीनकर भाग रहा था, जिसे पकडक़र पुलिस को सौंप दिया।
नगर निवासी अभिजीत चौहान शुक्रवार दोपहर को राष्ट्र वंदना चौक से गुजर रहा था। उसके पास कॉल आई तो वह बात करने लगा। उसी वक्त बड़ौत की ओर से अपाचे बाइक पर दो बदमाश आए और मोबाइल छीनकर भागने लगे। अभिजीत ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश को पकड़ लिया। उसे सडक़ पर गिरा दिया। अभिजीत के शोर मचाने पर पुलिस व अन्य लोग एकत्र हो गए। वहां से बदमाश का दूसरा साथी बाइक लेकर भाग गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अचिन निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी बताया है, जिसको पुलिस के हवाले कर दिया। उससे छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि उसका साथी साबिर निवासी कस्बा लोनी गाजियाबाद फरार हुआ है। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उसके फरार साथी को तलाश किया जा रहा है।
बाइक सवारों ने मिस्त्री का मोबाइल छीना
बागपत। नगर में पुरानी तहसील मोहल्ला निवासी मोमीन फ्रीज व कूलर ठीक करने का काम करता है। वह शुक्रवार सुबह को कलक्ट्रेट गया था और वहां से ई-रिक्शा में बैठकर लौट रहा था। बागपत में आते ही बाइक सवार युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया तथा राष्ट्र वंदना चौक की तरफ भाग गए। यह माना जा रहा है कि जिस युवक को पकड़ा गया है, उसके साथी के पास झपटा हुआ मोबाइल है। संवाद