बागपत पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक भाजपा नेता डॉ.आत्माराम तोमर के बेटे डॉ.प्रताप से जानकारी लेते सीओ
- फोटो : BAGHPAT
डॉ. आत्माराम तोमर हत्याकांड
- बेटे डा. प्रताप ने कहा कि पिता के अंतिम संस्कार से पहले हत्यारोपियों को पकड़े पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। भाजपा नेता डा. आत्माराम तोमर की हत्या का कारण अभी तक गैस एजेंसी से रिश्तेदार प्रवीण को हटाना सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस व परिजन दोनों का मानना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पूरी बात साफ हो जाएगी। उधर, डा. आत्माराम के बेटे डा. प्रताप तोमर ने पुलिस को अंतिम संस्कार से पहले आरोपियों को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया है।
भाजपा नेता के बेटे डा. प्रताप तोमर ने बताया कि उनकी धनौरा सिल्वरनगर गांव में गैस एजेंसी है और उसका गुराना व बड़ावद गांव के बीच गोदाम है। गोदाम पर प्रवीण रहता था। पिता ने उसे कई महीने पहले गलत चाल-चलन के कारण हटा दिया था। कुछ समय पहले ही रिश्तेदारों के हस्तक्षेप करने पर दोबारा से नौकरी पर रख लिया था। माना जा रहा है कि प्रवीण नौकरी से हटाए जाने की डा. आत्माराम से रंजिश रखे हुए था। इसलिए ही घटना को अंजाम दिया गया है। डा. प्रताप ने एसपी से बात करके साफ कह दिया है कि पिता का अंतिम संस्कार होने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएं। अगर पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर सकी तो वह फिर बड़ा फैसला लेंगे।
घर पहुंचा शव, अमेरिका से परिजन आने पर अंतिम संस्कार होगा
जिला अस्पताल से पोस्टमार्टम कराने के बाद डा. आत्माराम का शव शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर पहुंचा। उस समय तक परिवार के अन्य लोग व रिश्तेदार भी घर पहुंच गए थे। शव घर पहुंचते ही परिजन बिलख उठे। शव को घर पर ही अलग से एक फ्रिजर में रखा गया। बेटे डा. प्रताप ने बताया उनका भाई, मां व चाचा अमेरिका से आने है। उनका भाई व मां शुक्रवार देर रात तक यहां पहुंचेंगे तो उनके चाचा शनिवार देर रात तक आएंगे। उनके आने पर ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।