छपरौली। शामली जनपद का लीलू कश्यप पुत्र नकली कश्यप पिछले दस साल से टांडा गांव में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने गांव में ही कच्ची दीवार लगाकर झोपड़ी बना रखी है। मंगलवार की रात्रि में लीलू अपने परिवार के साथ झोपड़ी में सो रहे थे कि अचानक करीब दस बजे के आसपास उनकी झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने से झोपड़ी में धुआं भरा गया। उन्होंने आनन फानन में अपने बच्चों सहित झोपड़ी से बाहर निकलकर अपनी व बच्चों की जान बचाई। झोपड़ी में आग लगने के कारण का पता नहंी चला। लीलू के परिवार में उसकी पत्नी, तीन बेटी व दो बेटे हैं। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। डीएम के निर्देश पर अधिकारी गांव में पहुंचे और पीड़ित की मदद की। उनके खाने और रहने का इंतजाम किया।
शबगा में शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगी
छपरौली। शबगा गांव के राजमिस्त्री सूबेदान पुत्र बारू ने बताया मंगलवार की रात में शॉर्ट सर्किट होने से उसके घर में आग लग गई। इससे उनका लाखों रुपये का सामान जल गया। शॉर्ट सर्किट होने से घर में रखे टीवी, वाशिंग मशीन, सोफा, कपड़े, संदूक व अन्य सामान जल गया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।