मां के आंचल की छाव में लाडला:बागपत में शुक्रवार को दोपहर के समय तेज धूप व लू से हर कोई परेशान था,कलक?
- फोटो : BAGHPAT
अधिकतम पारा 45 डिग्री पहुंचा, गली, चौराहों से लेकर बाजार तक असर
आज से बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सूरज की तपिश और गर्म हवा से लोगों का बुरा हाल हो रहा है। चिलचिलाती धूप में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में गली और बाजारों में चहल-पहल काफी काफी कम हो रही है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तामपान 31 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार यानि आज से मौसम में बदलाव का अनुमान जताया है।
गर्मी का सितम लगातार बढ़ रहा है। लोग जरूरी काम होने पर भी घरों से निकलने की जहमत उठा रहे है। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवा के कारण नगर की गली, मुख्य मार्ग और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो रही है। चिकित्सक भी लोगों को गर्मी से बचाव करने और धूप में बाहर न निकलने की सलाह दे रहे है। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत का कहना है कि गर्मी अधिक होने पर बुखार, डायरिया होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने गर्मी से बचाव करने के लिए सिर को ढककर घर से बाहर निकलने और पेय पदार्थ का अधिक सेवन करने की सलाह दी है।
उधर, खेकड़ा कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डॉ. अंकिता नेगी ने बताया कि जनपद बागपत में 11 जून को बारिश होने का अनुमान है। 11 से 15 जून तक तेज हवा चलने का भी अनुमान है।
फसल के लिए सलाह
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अंकिता नेगी ने बताया कि किसानों को फसलों में यदि स्प्रे करना हो तो 12 जून के बाद ही करें। केले की रोपाई के लिए यह उपयुक्त समय है। रोपण के लिए तीन माह पुरानी तलवारनुमा स्वस्थ व रोग मुक्त पौध का प्रयोग करें।