डीटीसी बस का टूटा शीशा। स्रोत वीडियोग्रैब
- बड़ौत से लौटने के बाद किया गया बस पर पथराव, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली से बड़ौत तक मंगलवार को डीटीसी की तीन बसों का संचालन शुरू किया गया था। दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिस बस को हरी झंडी दिखाकर बड़ौत के लिए रवाना किया था। लौटने के दौरान उसी पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सांसद डॉ़ राजकुमार सांगवान के प्रयास से 18 साल बाद दिल्ली से बड़ौत तक डीटीसी की तीन बसों का संचालन शुरू गया है। मंगलवार को हरी झंडी मिलने के बाद सांसद व अन्य लोग बस संख्या डीएल51ईवी0891 में सफर कर बड़ौत पहुंचे। जगह-जगह लोगों ने सांसद का फूलमालाओं से स्वागत किया। मार्ग पर अभी तक चलने वाली यूपी रोडवेज की बसें केवल लोनी तक ही जाती थीं, लेकिन डीटीसी की बसों का संचालन कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक होगा।
मंगलवार देर शाम बस के लौटते समय पथराव कर खिड़की के शीशे तोड़ दिए गए। घटना कहां पर हुई इसकी सही जानकारी नहीं हो पाई है। फूलों से सजी बस के टूटे शीशे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बस पर पथराव करने वालों की क्या मंशा थी, इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।
वर्जन
- बड़ौत से वापस बस सुरक्षित दिल्ली कश्मीरी गेट पहुंची थी। इसके बाद राजधानी में एक रूट पर बस के शीशे तोड़े गए, जिन्हें ठीक करा दिया गया है। इससे पहले भी इस रूट पर कई बसों के शीशे तोड़े जा चुके हैं। - पंकज कुमार, आरएम (उत्तर) दिल्ली परिवहन निगम