बागपत जिला अस्पताल में चिकित्सक की शिकायत करता बिलौचपुरा निवासी इखलाक
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। जिला अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर गरीबों की जेब काटी जा रही है। वहां रुपये नहीं देने पर ऑपरेशन नहीं किया जाता है। बिलौचपुरा निवासी एक बच्ची के साथ सोमवार को ऐसा ही हुआ। परिजनों द्वारा आठ हजार रुपये नहीं देने पर बच्ची को ऑपरेशन कक्ष से बाहर निकाल दिया। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया तथा वीडियो क्लिप डीएम को भेज दी। इस पर डीएम ने तुरंत जांच शुरू करा दी है।
बिलौचपुरा निवासी इखलाक ने बताया कि उसकी आठ वर्षीय बेटी खुशी का हर्निया का ऑपरेशन होना है। वह दस दिन पहले जिला अस्पताल में पहुंचे थे। वहां उसकी बेटी की सभी जांच कराई गईं। वह जांच कराकर अस्पताल में ऑपरेशन के लिए पहुंचे। आरोप है कि उनसे आठ हजार रुपये मांगे गए। रुपये नहीं देने पर ऑपरेशन के लिए बुलाकर शाम को वापस भेज दिया। वह सोमवार को अस्पताल में ऑपरेशन के लिए पहुंचे तो खुशी को ऑपरेशन कक्ष में लेकर चले गए। आरोप है कि आठ हजार रुपये नहीं देने के कारण ऑपरेशन करने की बजाय उसे बाहर निकाल दिया। इखलाक ने बताया कि उसकी बेटी को भूखे पेट बुला लिया जाता है। जिससे वह सोमवार को बेहोश होकर गिर गई। आरोप है कि उन्हें कई बार बाहर से दवा लेकर आने के लिए पर्चा दिया गया। इस तरह अस्पताल में सभी से ऑपरेशन कराने पर रुपये वसूलने का आरोप लगाया गया है। इखलाक ने इसकी वीडियो बनाकर डीएम को भेज दी। जिस पर डीएम राजकमल यादव ने जांच शुरू करा दी है। डीएम ने बताया कि जांच में दोषी मिलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।