संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। गांव मुबारिकपुर निवासी एक युवक ने प्रेम का प्रस्ताव ठुकराने पर खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र की एक युवती की सरेबाजार लात घूसों से पिटाई कर दी। मारपीट में युवती घायल हो गई। युवती ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव मुबारिकपुर निवासी एक युवक खेकड़ा कोतवाली निवासी एक युवती से एक तरफा प्यार करता है। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे उसने बाजार में पहुंची युवती समक्ष अपने प्रेम का प्रस्ताव रखा। युवती ने प्रस्ताव को ठुकराते हुए उसे हड़का दिया। इस पर युवक ने सरेबाजार लात घूसों से उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर आस पास के लोग पहुंचे तो युवक फरार हो गया। युवती के चेहरे पर काफी चोटें आई। इसके बाद युवती परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल युवती को खेकड़ा सीएचसी भिजवा। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।