- सांकलपुट्ठी में किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या करने का खुलासा
- पुलिस के अनुसार परिवार के एक युवक पर उसकी हत्या करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सांकलपुट्ठी गांव में किशोरी की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलासा हुआ है कि उसकी हत्या की गई थी। उसके पेट में नुकीले हथियार से वार किए गए है। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने परिवार के एक युवक पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उस युवक की पुलिस तलाश कर रही है, जिसके पकड़े जाने पर स्थिति साफ हो सके।
सांकलपुट्ठी निवासी सिमरन (16) के घर चिनाई का कार्य चल रहा है। जिससे वह सोमवार देर शाम शौच के लिए घेर में जा रही थी। जहां किशोरी घायल अवस्था में पड़ी मिली थी और उसके पेट से खून बह रहा था। परिजन उसे पिलाना सीएचसी लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। तब पुलिस को बताया गया था कि उसके पेट में गिरने से सरिया घुस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि किशोरी के पेट में नुकीले हथियार से कई वार करके हत्या की गई है। जिसके बाद उसके परिजनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया है कि उनके परिवार का एक युवक ने किशोरी की हत्या की है। वह उसपर गलत नजर रखता था और इसका विरोध करने पर हत्या की गई। एसपी के अनुसार उस युवक को तलाश किया जा रहा है जो अभी फरार है। उसके पकड़े जाने के बाद पूछताछ में पूरी स्थिति साफ हो सकती है कि हत्या का यही कारण है या अन्य कोई कारण है।
शव का पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कान
पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का शव गांव में पहुंचा तो पुलिस ने अपने सामने ही उसका अंतिम संस्कार कराया। पुलिस ने अंतिम संस्कार कराने के बाद मामले में कई अन्य लोगों से पूछताछ की।