बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बढ़ा दी गई है। अब उम्मीद की जा रही है कि 10 जुलाई को प्रथम कटऑफ जारी की जा सकती है।
बता दे कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया लगभग दो माह से चल रही है। कभी पोर्टल में दिक्कत तो कभी दूसरे कारणों से पंजीकरण प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हुई है। विवि ने रजिस्ट्रेशन के लिए आठ जुलाई तक का समय भी बढ़ाया हुआ है। इस हिसाब से अब विवि की पहली कटऑफ 10 जुलाई को जारी होने की उम्मीद की जा रही है। यदि अभी तक विभिन्न कक्षाओं में हुए पंजीकरण की बात करें तो बीए में सबसे अधिक पंजीकरण हुए हैं।
वहीं जिले के सभी कॉलेजों में मौजूदा सीटों के सापेक्ष पंजीकरण बहुत ज्यादा हो चुके हैं। जनता वैदिक कॉलेज, दिगंबर जैन कॉलेज की बात करें तो यहां बीएससी गणित व स्टेटिक्स दोनों स्ट्रीम में सीटों के सापेक्ष 200 फीसदी ज्यादा पंजीकरण हुए हैं। ऐसे में प्रथम श्रेणी पाने वाले सभी छात्रों को भी संस्थागत रूप में दाखिला नहीं मिल पायेगा।