अहेड़ा गांव स्थित कैमिकल फैक्ट्री में लगी आग बुझाते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चमरावल रोड पर अहेड़ा गांव के पास ब्लैक ऑयल (काला तेल) साफ करने की फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। वहां पर भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब दो लाख रुपये का सामान जल चुका था।
फैक्ट्री के कर्मचारी सोनू ने बताया कि गुरुवार को ब्लैक ऑयल को साफ किया जा रहा था। जिस भट्टी में तेल को पकाया जा रहा था, वह अचानक लीक हो गया। इससे वहां पर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
वहां पर लगे उपकरणों की मद्द से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड पहुंची।
इसी दौरान वहां पर दमकल विभाग के सीओ आनंद पाल सिंह पहुंचे। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। सीओ ने फैक्ट्री के कर्मचारी से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह फैक्ट्री दिल्ली निवासी अमित की है। फैक्ट्री में यूपी, हरियाणा, राजस्थान समेत कई स्थानों से काला तेल आता है। उसको उबालकर साफ किया जाता है। उसके बाद तेल सप्लाई हो जाता है।