श्रावणी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर लगने वाले चार दिवसीय मेले का शनिवार (आज) से आगाज हो रहा है। मंदिर में कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है।
इसी को देखते हुए डीएम और एसपी ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों और कर्मचारियों को शुक्रवार को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ियों से मधुर व्यवहार रखे। बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
पुरा के प्राचीन परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में 20-25 लाख शिवभक्तों की आने की संभावना है। इसी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है। बाहरी जनपदों से भी काफी संख्या में पुलिस फोर्स बुलाई गई है। शनिवार (आज) से मेले का आगाज हो रहा है। इसी को देखते हुए डीएम हृदय शंकर तिवारी और एसपी पूनम ने मेले ड्यूटी में लगने वाले अफसरों और कर्मचारियों को मेले के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मेले के अलावा गांव में ठहरे कांवड़ियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। कर्मचारी अपना प्वाइंट तब तक न छोड़े जब तक ड्यूटी पर दूसरा कर्मचारी न पहुंच जाए। कांवड़ियों को लाइन में लगाने वाले पुलिस वाले भीड़ में अपना धैर्य न खोए। उच्चाधिकारी समय-समय पर अपने प्वाइंटों का निरीक्षण करें।
पार्किंग तक ही जाएंगे वाहन
बालैनी। पुरा मेला परिसर में बाहरी वाहन नहीं जा पाएगा। पुलिस की जिम्मेदारी है कि वो वाहन पार्किंग से आगे न आने दे।
बम-बम के जयकारों से गूंजने लगा मंदिर ः बालैनी। पुरा मंदिर में शुक्रवार शाम से कांवडिय़ों का आवागमन शुुरु हो गया है। मंदिर भोले के जयकारों से गूंजने लगा है।
सुरक्षा के लिए चार अस्थायी चौकियां
बागपत। ऐतिहासिक पुरा मेला शनिवार से आरंभ हो जाएगा। यहां पहुंचने वाले कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर मंदिर के लिए निकल चुके हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर चार अस्थायी पुलिस चौकी बनाई है। सात स्थायी चौकी समेत अब 11 चौकियों से पहरेदारी होगी। यहां पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
कांवड़ यात्रा को सुचारु तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। एसपी पूनम ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर सात पुलिस चौकियां थी, लेकिन चार अस्थायी चौकी बनाई गई है। अस्थायी पुलिस चौकी शेखपुरा, शाहजहांपुरा, चिरचिटा और कैड़वा में बनाई गई है। चिरचिटा में एक सेक्शन पीएसी रहेगी, जबकि अन्य चौकियों पर डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात की जाएगी।
स्थायी पुलिस चौकी बरनावा, सराय, अग्रवाल मंडी टटीरी, डौला, औद्योगिक क्षेत्र, निवाड़ा, सरूरपुर, दाहा, डूंडाहेड़ा, पुलिस चौकी पाठशाला और बामनौली में पुलिस बढ़ाई गई है। दाहा में डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात की गई है।
कांवड़ियों के लिए चार घोड़े
बागपत। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के लिए चार घोड़ों पर भी पुलिस चेकिंग करेगी। बरनावा से पुरा महादेव तक दो और पुरा महादेव से बालैनी तक दो घुड़सवार पुलिसकर्मी चेकिंग अभियान चलाएंगे।