बालाजी आश्रम के संस्थापक भैया दास महाराज ने आश्रम में साधु संतों के साथ प्रदर्शन कर कहा विद्युत निगम के अधिकारी नेताओं से उन पर फैसला कराने के लिए दबाव बनवा रहे हैं, लेकिन वह किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे। यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो वह शिवरात्रि के बाद आंदोलन छेडे़ंगे।
तीन दिन पूर्व ग्राम डूंडाहैडा स्थित बालाजी आश्रम के संस्थापक भैया दास महाराज ने खेकड़ा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था विद्युत निगम के एसडीओ एवं जेई ने उनके आश्रम के त्रुटि पूर्ण बिल को ठीक कराने के लिए सुविधा शुल्क मांगा था।
साथ ही एसडीओ अपने घर पर थे और एसडीओ को आश्रम में बंधक बनाने की झूठी सूचना पुलिस को देकर उन्हें बदनाम किया। इससे उन्हें ठेस पहुंची। बृहस्पतिवार को भैया दास महाराज ने आश्रम पर साधु संतों के साथ एकत्र होकर प्रदर्शन कर कहा विद्युत निगम के अधिकारी कुछ नेताओं से समझौते के लिए उन पर दबाव बनवा रहे हैं।
जो उन्हें मंजूर नहीं है। वह कार्यवाही कराकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा शिवरात्रि के बाद निगम के अधिकारियों के खिलाफ साधु संत एकत्र होकर उग्र आंदोलन छेडे़ंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा। दूसरी तरफ एसडीओ वैभव हजैला ने कहा उन्होंने न तो किसी से रिश्वत मांगी है और न ही किसी से समझौते के लिए कोई दबाव डलवाया। आश्रम के बिजली के बकाया की वसूली जरूर होगी।
विद्युत निगम की टीम को धमकी
छपरौली। मुकंदपुर गांव में ऊर्जा निगम की टीम द्वारा खींची जा रही एलटी लाइन का लोगों ने विरोध किया। उन्होंने टीम के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इससे वहां हंगामा हो गया। इस मामले में छपरौली थाना में आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
ऊर्जा निगम के जेई जितेंद्र कुमार ने छपरौली थाने में दी तहरीर में बताया वे 26 जुलाई को मुकंदपुर गांव में टीम के साथ विद्युत की एलटी लाइन खिंच रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग उनके पास पहुंचे और उन्होंने विद्युत लाइन खिंचने से मना किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। इससे वहां हंगामा हो गया। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी रणवीर यादव का कहना है कि इस मामले में मुकंदपुर गांव के महिपाल पुत्र मलखान, सुनील पुत्र महिपाल, धर्मेंद्र पुत्र अतर सिंह, कृष्ण पुत्र रघुवीर, संदीप पुत्र हरवीर, अनिल पुत्र सत्यवीर, संदीप पुत्र करतार सिंह, ब्रहमपाल पुत्र जगवीर के खिलाफ के खिलाफ दर्ज हुई है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।