ग्रामीणों ने की सांड़ को पकड़वाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर (बागपत)। अब्दुल्लापुर मेवला गांव में शुक्रवार को एक सांड़ ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।
शुक्रवार शाम अब्दुल्लापुर मेवला गांव निवासी महिला दया (70) पत्नी ओमप्रकाश घर से घेर में जा रही थी। घेर के पास पीछे से आए एक सांड़ ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने महिला को नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार शाम शव का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीण मनीष, सतीश, सतेंद्र, जगबीर, अनिल, रोहित ने सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।