संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। नगर स्थित खंड विकास कार्यालय पर बृहस्पतिवार को आयोजित बीडीसी की बैठक में गांवों के विकास के लिए चार करोड़ रुपये के प्रस्ताव पास किए गए। गांवों के बस स्टैंड पर सुलभ शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने का निर्णय किया गया।
खेकड़ा खंड विकास कार्यालय पर ब्लॉक प्रमुख रश्मि धामा की अध्यक्षता में बीडीसी सदस्यों की बैठक हुई। इसमें सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख के समक्ष अपने गांवों की समस्याएं उठाईं। बताया कि गांवों में ज्यादातर प्राथमिक विद्यालयों के भवन जर्जर हालत में हैं। लोगों ने तालाबों पर अवैध कब्जे किए हुए हैं। सफाई के अभाव में नाले ओवरफ्लो हैं। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है। साथ ही खड़ंजे भी टूटे हुए हैं। बीडीसी सदस्यों ने इन सभी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इसके बाद सर्वसम्मति से गांवों के विकास के लिए चार करोड़ रुपये के प्रस्ताव पास किए गए।
खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला ने बीडीसी सदस्यों को सरकार की ग्रामीणों के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक करने के लिए कहा है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों को गांवों के बस स्टैंड पर सुलभ शौचालय, यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने के लिए कहा। सीडीपीओ अलका बजाज ने गर्भवती महिलाओं और नवजात के लिए सरकार की ओर से मिलने वाले पौष्टिक आहार की जानकारी देकर बीडीसी सदस्यों से पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने और बीडीसी सदस्यों से गांवों में होने वाले विकास कार्यों को मानक के अनुरूप गुणवत्ता पूर्वक कराने के लिए कहा है। इस दौरान प्रविंद्र धामा, जितेंद्र धामा, लीलू पहलवान, देवेंद्र गुर्जर, स्वदीप झा, विक्रम सिंह, ओमप्रकाश सिंह, संजीव कुमार, इरशाद अली, शिवकुमार आदि मौजूद रहे हैं।