खेकड़ा। क्षेत्र के गांव सैदपुर में तीन दबंगों ने 16 जून को एक ग्रामीण को पीटा। घायल ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी तो आरोपी बृहस्पतिवार की रात्रि में फिर पीड़ित के घर में घुसे और उसे पीटा। अब फैसला नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत भेजकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उधर, कोतवाल ने कहा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र का गांव सैदपुर बड़ागांव पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है। गांव निवासी व्यक्ति राज कुमार को 16 जून को गांव के ही तीन दबंगों ने मारपीट कर घायल किया। इसके बाद घायल ने खेकड़ा कोतवाली में आरोपी दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। आरोप है कि शिकायत करने पर दबंगों ने उस पर समझौता करने का दबाव बनाया। समझौता करने से मना करने पर दबंगों ने दोबारा से बृहस्पतिवार की रात्रि में ही घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की।
घायल ग्रामीण का आरोप है कि दो बार पिटाई करने वाले दबंगों ने अब उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस भी दबंगों के साथ साठ गांठ कर कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ागांव चौकी पर तैनात एक दरोगा की शह पर ही आरोपी बार बार उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर आरोपियों के खिलाफ शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। उधर, कोतवाली प्रभारी ने कहा पुलिस राज कुमार पर हमला करने के आरोपियों की की तलाश में जुटी है। मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।