परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करते डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों पर रविवार को अव्यवस्था रही। किसी जगह बत्ती गुल होने से अंधेरा पसर गया तो सोलर सिस्टम ठप होने से सीसीटीवी भी बंद हो गए। केंद्र व्यवस्थापक ने विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन करके बिजली आपूर्ति शुरू करने के लिए कहा, इसके बाद बिजली आपूर्ति होने पर परीक्षा शुरू हुुई। कुछ केंद्रों पर परीक्षा के बीच में बत्ती गुल होने से अंधेरे के कारण कई परीक्षार्थियों ने ओएमआर शीट गलत भर दी।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 29 केंद्र बनाए गए थे। सुबह की पाली में 17 केंद्रों पर प्राथमिक स्तर की परीक्षा हुई। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को साढ़े नौ बजे से प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जैसे ही परीक्षार्थियों की चेकिंग के बाद प्रवेश दिया तो बिजली गुल हो गई। बारिश होने के कारण सोलर सिस्टम भी ठप हो गया और आसमान में बादल छाए रहने से कक्षों में अंधेरा रहा। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण कॉलेज के सीसीटीवी भी बंद हो गए। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. प्रीति शर्मा ने बिजली आपूर्ति कराने के लिए ऊर्जा निगम के एसडीओ को फोन किया। बिजली नहीं होने से कॉलेज के स्टाफ व परीक्षार्थियों को परेशानी हुई। वहां परीक्षा शुरू होने से चंद मिनट पहले ही बिजली आपूर्ति हुई। बड़ौत के दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में बत्ती गुल हो गई। अंधेरा होने के कारण परीक्षार्थियों ने ओएमआर शीट गलत भर दी। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि सभी केंद्र व्यस्थापकों को बिजली जाने पर जेनरेटर चलाने के निर्देश दिए गए थे। किसी जगह समस्या हुई है तो इसको दिखवाया जाएगा।