बिनौली। तेड़ा ग्वालीखेड़ा मार्ग लंबे समय से जर्जर व बदहाल है। इसके कारण ग्रामीणों व राहगीरों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मार्ग के जर्जर होने की सूचना देने के बाद अब तक भी इस मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों में रोष उत्पन्न है।
ये बोले ग्रामीण-
तेड़ा ग्वालीखेड़ा क्षेत्र का मुख्य मार्ग है। इस मार्ग से तेड़ा, तितरोदा, धनोरा सिल्वरनगर, बिलोचपुरा, बसोद, मीतली से होकर राहगीर व वाहन चालक प्रतिदिन बागपत तक आवागमन करते हैं, लेकिन मार्ग की जर्जर हालत को लेकर अब लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।- पूर्व प्रधान दीपक शर्मा।
मार्ग इतना बदहाल हो गया कि इस पर वाहनों से चलना तो दूर पैदल चलना भी दूभर हो गया। मार्ग के जर्जर व बदहाल होने से किसानों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गन्ना छिलाई करने के बाद किसान गन्ना क्रय केंद्रों पर ढुलाई करते हैं। इस दौरान उनकी बुग्गी हिचकोले मारती है और टायर पेंचर भी हो जाते हैं।- वीर सिंह।
मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू कराने को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अनेकों प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अधिकारियों ने अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने जल्द ही मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।-ब्रजपाल सिंह शास्त्री।