40 से अधिक आवास किराए पर चल रहे दिल्ली व मलकपुर रोड की कांशीराम कॉलोनी में
डूडा परियोजना अधिकारी की रिपोर्ट के बावजूद आवासों को खाली नहीं करा पा रहे अफसर
स्वदेशी जागरण मंच के जिलाध्यक्ष ने इन आवासों को खाली कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली रोड और मलकपुर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में 40 से अधिक आवास किराए पर चल रहा है। इनमें खुलेआम गोरखधंधा चल रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हालात ऐसे है कि डूडा परियोजना अधिकारी की रिपोर्ट के बावजूद अफसर इन आवासों को खाली नहीं करा पा रहे है। अब स्वदेशी जागरण मंच के जिलाध्यक्ष ने एसडीएम से इन आवासों को जल्द से जल्द खाली कराने की मांग की है।
कुछ माह पहले स्वदेशी जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अरविंद उर्फ भोला ने डूडा परियोजना निदेशक रजनी पुंडीर से दिल्ली रोड और मलकपुर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में गरीबों के आवासों को किराए पर देने की शिकायत की थी। इन आवासों में खुलेआम शराब, सट्टे सहित अन्य गोरखधंधे का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर डूडा परियोजना निदेशक रजनी पुंडीर ने जांच कराई गई थी, जिसमें 40 मकान किराए पर संचालित होते मिले थे। इसकी रिपोर्ट एसडीएम और सीओ को सौंपकर खाली कराने का निवेदन किया गया था। मगर, अभी तक भी यह आवास मकान खाली नहीं कराए जा सके है।
आपत्तिजनक नृत्य का वीडियो हुआ था वायरल
कांशीराम कॉलोनी में कुछ दिन पूर्व एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें एक हिंदू संगठन के पदाधिकारी भी शामिल थे। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। स्थानीय लोगों ने उक्त हिंदू संगठन से जुडे़ कार्यकर्ता पर भी तमाम आरोप लगाए थे।
मामला संज्ञान में है। जल्द ही सीओ और पुलिस टीम के साथ कॉलोनी में जाकर किराए पर चल रहे आवासों को खाली कराया जाएगा। - सुभाष सिंह, एसडीएम
जल्द ही कांशीराम कॉलोनी का निरीक्षण किया जाएगा। गोरखधंधा मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किराए पर चल रहे आवासों को भी एसडीएम के साथ मिलकर खाली कराया जाएगा। - युवराज सिंह, सीओ