संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में एक गांव के एक क्रीड़ा स्थल की मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत बृहस्पतिवार को डीएम राजकमल यादव ने लोयन गांव में खेल के मैदान का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा जिले के युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए खेल के मैदान तैयार कराए जा रहे हैं। मैदान में युवाओं के दौड़ने के लिए ट्रैक, कबड्डी का मैदान, कुश्ती के लिए अखाड़ा वॉलीबाल कोर्ट, ओपन जिम, फुटबॉल फील्ड, कसरत के संसाधन व खेल सामग्री की व्यवस्था कराई गई है।
खेल मैदान के लोकार्पण के अवसर पर मैदान में अंतर ब्लॉक की वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमे नंगला व लॉयन के बीच प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में लॉयन की टीम ने मैच जीता। जिलाधिकारी ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। डीएम राजकमल यादव ने कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल भी जरूरी है। बागपत समृद्धशीलता और विकास की ओर बढ़ रहा है। खेल सुविधाओं के लिए जिले के प्रत्येक गांव को मजबूत किया जाएगा। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला, ग्राम प्रधान सन्त कुमार व ग्रामीण मौजूद रहे।