बागपत। जिले में डेंगू के दस नए मरीज मिले हैं। अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढक़र 337 हो गई है। लगातार मरीज मिलने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में एंटीलार्वा का छिडक़ाव और फॉगिंग नहीं कराई जा रही है। जिससे जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है।
जिले में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां लगातार मरीज मिल रहे हैं। जिले में लगातार डेंगू के मरीज मिलने के बाद भी संसाधनों के अभाव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग नहीं कराई जा रही है। न ही एंटीलार्वा का छिडक़ाव कराया जा रहा है। जिससे जिले में डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। उधर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा का कहना है कि डेंगू के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कराई जा रही है। एंटी लार्वा का छिडक़ाव भी कराया जा रहा है। लोगों को डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतने और स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। डीएम राजकमल यादव के स्तर से ग्राम पंचायतों को फॉगिंग मशीन खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ ग्राम पंचायतों ने फॉगिंग मशीनों की खरीद कर ली गई है।