सोनीपत के थाना कुंडली क्षेत्र का मामला, शिकायत करने जाएंगे किसान
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के नंगला बहलोलपुर गांव निवासी किसानों का आरोप है कि हरियाणा के किसानों ने उनकी दस बीघा गेहूं की फसल उजाड़ दी है। विरोध करने पर मारपीट की गई। सोनीपत के कुंडली थाने में किसान पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि दोबारा ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएंगे।
नंगला बहलोलपुर गांव निवासी सुरते ने बताया कि वह अपने बेटे जगबीर और ओमवीर के साथ खेत पर गया था। सोनीपत के खुर्रमपुर गांव के किसानों ने उनकी दस बीघा गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चला दिया। इससे पहले 28 नवंबर को भी उनकी करीब 30 बीघा फसल को जोत दिया गया था। विरोध करने पर पिता-पुत्रों के साथ मारपीट की गई। किसानों ने कुंडली थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि ग्रामीणों के साथ दोबारा सोनीपत पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
बागपत कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि घटनास्थल सोनीपत जिले में है। कोतवाली में किसानों ने शिकायत भी नहीं की है।