किशोरी को घर से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म
दोघट(बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात तीन युवकों ने किशोरी को घर से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह किशोरी घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना पर एसपी ने गांव पहुंचकर जानकारी ली।
दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात ननिहाल में रह रहे युवक ने किशोरी को फोन कर घर के बाहर बुलाया। किशोरी घर के बाहर आई तो युवक अपने दो साथियों के साथ स्विफ्ट कार लेकर वहां पहुंचा और किशोरी को जबरन गाड़ी में डालकर गांव के जंगल में ले गए। वहां पर दो युवकों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने चिल्लाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। किसी तरह किशोरी अपने घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे। किशोरी के पिता ने आरोपी गौरव निवासी ककोर, शनि और शिवम तोमर निवासी बिजवाड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसपी अजय कुमार ने भी गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।