बागपत के सरूरपुर गांव से बड़ौत में सामान लेने गई किशोरी का अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने रिश्तेदारी के एक युवक पर अपहरण करने का आरोप लगा कोतवाली में तहरीर दी।
छपरौली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी सरूरपुर गांव में अपनी रिश्तेदारी में आई हुई थी। पुलिस के अनुसार रविवार को किशोरी बड़ौत में सामान लेने के लिए गई थी। इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। देर शाम तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी तो पता चला उसे रिश्तेदारी का ही एक युवक अपहरण करके ले गया है। तलाश करने पर न किशोरी का पता चला और न ही आरोपी युवक का। परिजनों ने सोमवार को कोतवाली में पहुंचकर किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाली पुलिस के अनुसार लड़की के परिजनों ने इस संबंध में शिकायत की है। जल्द ही लड़की को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अश्लील हरकत के विरोध पर परिवार पर हमला
बागपत। बड़ौत थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने एसपी दफ्तर में दिए शिकायती पत्र में कहा 23 मार्च को गांव के ही पांच युवक उनके मकान का मैन दरवाजा खोलकर मकान में घुस आए थे। आरोप है उसकी बेटी के साथ आरोपियों ने अश्लील हरकत की। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर कमरे में टीवी देख रहे परिवार के लोगों ने किसी तरह उसकी इज्जत बचाई। विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला किया था। इससे उनके पति की अभी हालत गंभीर बनी है। शिकायत करने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है पुलिस की मिलीभगत से घटना हुई है। उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।