बुखार से मृतक विनयपुर गांव निवासी शिवम फाइल फोटो
- फोटो : BAGHPAT
चांदीनगर। क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। बुखार को लेकर लोगों में दहशत है। डेंगू से बृहस्पतिवार एक किशोर की मौत हो गई। उन्होंने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, ग्राम प्रधान व यूपी पुलिस के सिपाही में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। इनके अतिरिक्त गांव के 12 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने व फॉगिंग कराने की मांग की है।
विनयपुर निवासी शिवम (16) पुत्र रणपाल पिछले तीन दिन से बुखार से पीड़ित था। उसका निजी चिकित्सक से उपचार कराया जा रहा था। उसे बुधवार शाम अचानक खून की उल्टी हुई तथा तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने किशोर को गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी बृहस्पतिवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने देर शाम गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इसके अतिरिक्त गांव निवासी विपिन बंसल यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। वह तीन दिन से डेंगू से पीड़ित है। उसका इलाज भी गाजियाबाद के एक अस्पताल में चल रहा है। ग्राम प्रधान डॉ. आदेश नंबरदार पंद्रह दिन से डेंगू से पीड़ित थे। उनका इलाज गाजियाबाद के अस्पताल में किया जा रहा था। गांव में श्याम, शिवी, गार्गी, रेशा, हैप्पी, विपिन, बृजपाल आदि करीब 12 से अधिक लोग वायरल से पीड़ित हैं। प्रधान आदेश नंबरदार, सतीश, अजित बैंसला, रिंकू, कपिल, रघुवीर ने गांव में स्वास्थ्य शिविर व फॉगिंग की मांग की है।
विनयपुर गांव में युवक की मौत के बाद विलाप करते परिजन- फोटो : BAGHPAT