बागपत :::: खेकड़ा निवासी कप़डा व्यापारी अतुल रूहेला की पत्नी रजनी और पुत्र सार्थक रूहेला, जिसने साह
- फोटो : KAHKRA
दिनदहाड़े मोहल्ला मुंडाला में कपड़ा व्यापारी के घर में घुस गए थे दो नकाबपोश बदमाश
व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर शुरू की थी लूटपाट, बेटे ने डंडे से प्रहार कर मचाया शोर
जान बचाकर भागते बदमाशों के चेहरे हो गए सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस ने जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। खेकड़ा नगर के मोहल्ला मुंडाला में शनिवार की दोपहर दो नकाबपोश बदमाश कपड़ा व्यापारी के घर में घुस गए। उन्होंने व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर लूटपाट शुरू की। मां को डरी सहमी देख व्यापारी का किशोर पुत्र डंडा लेकर बदमाशों पर टूट पड़ा। इससे दोनों बदमाश डर गए और किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकले। भागते हुए दोनाें बदमाशों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
मोहल्ला मुंडाला निवासी अतुल रूहेला बाजार में कपडे़ की दुकान करता है। शनिवार की सुबह वह दुकान पर चला गया। घर में केवल उसकी पत्नी रजनी और 15 वर्षीय पुत्र सार्थक ही थे। दोपहर करीब एक बजे नकाबपोश दो बदमाश उनके मकान में घुस गए और लूटपाट शरू कर दी। व्यापारी की पत्नी रजनी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। मां को डरी सहमी देख सार्थक डंडा लेकर बदमाशों पर टूट पड़ा और शोर मचा दिया। किशोर का साहस देख बदमाश डर गए और किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। यह घटना पड़ोस के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पता चलने पर व्यापारी दुकान से घर पहुंचा और परिजनाें से जानकारी ली। इसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ विजय चौधरी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। सुराग लगाकर जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।