बागपत। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले शिक्षकों व कर्मचारियों ने विद्यालयों व कार्यालयों में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इसके बाद कलक्ट्रेट में एनपीएस व यूपीएस के विरोध में प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सभी ने पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई।
अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले शिक्षकों व कर्मचारियों ने मंगलवार काला दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने विद्यालयों व कार्यालय में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इसके बाद कलक्ट्रेट में पहुंचकर नारेबाजी कर धरना दिया। जिला महामंत्री राजेश कुमार सरोज ने कहा कि एनपीएस में कुछ नहीं था, जिसको सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराकर वापस कराया। सरकार एनपीएस में सुधार कर यूपीएस जैसी एक अलग पेंशन योजना लेकर आई, जिसका विरोध किया जा रहा है।
कहा कि शिक्षकों व कर्मचारियों को एनपीएस, यूपीएस नहीं चाहिए, बल्कि पुरानी पेंशन व्यवस्था चाहिए। कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि जब विधायकों व सांसदों को पेंशन मिल सकती है तो उन्हें क्यों नहीं मिल सकती। उन्होंने खेकड़ा एसडीएम ज्योति शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुभाष शर्मा, संरक्षक सतपाल राणा, चट्टान सोनकर, राकेश कुमार शर्मा, लक्ष्मी, सोहनलाल, चंदन यादव, विपिन यादव, अनुराधा मलिक, विकास मानव मौजूद रहे।