बागपत। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छत्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर विरोध शुरु हो गया है। शिक्षकों का कहना है कि सरकार संसाधन उपलब्ध कराए बगैर शिक्षकों पर जबरन नई व्यवस्था थोप रही है।
शिक्षकों का कहना है कि विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति के लिए शिक्षकों पर उनकी आईडी पर सिम लेने की दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा देहात क्षेत्रों में पहले ही नेटवर्क ऑनलाइन कार्य करने में बाधा बन रहा है। नेटवर्क के कारण शिक्षकों को छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शासन ने एक दिसंबर से ऑनलाइन हाजिरी शुरू करने के आदेश कर दिए हैं, मगर अभी तक उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए हैं और न ही उपकरण खरीदने के लिए ग्रांट जारी की गई है।
उनका यह भी कहना था कि शिक्षक काफी समय से पुरानी पेंशन बहाली, कैशलेस चिकित्सा, पदोन्नति, स्थानांतरण और प्रोन्नत वेतनमान की मांग कर है, मगर शिक्षकों को की मांगों को पूरा करने के बजाए उन पर नई व्यवस्था थोपी जा रही है, जिसका शिक्षक विरोध कर रहे हैं।
आज सभी बीआरसी पर होगा विरोध
शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के विरोध में शुक्रवार को शिक्षक सभी बीआरसी पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे। शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था के विरोध में बीईओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर व्यवस्था को बंद कराने की मांग करेंगे।
-शासन ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश तो जारी कर दिए हैं, मगर संसाधन उपलब्ध नहीं कराए हैं। शासन को कोई भी व्यवस्था शुरू करने से पहले उसके लिए संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए। - विकास मलिक, जिलाध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ
-शिक्षकों को शिक्षण के अलावा कई अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। ऑनलाइन उपस्थिति में हाफ सीएल की भी सुविधा नहीं है। अन्य कार्य करने के कारण देरी होने पर शिक्षकों की अनुपस्थिति दर्ज हो जाएगी। - राकेश यादव, जिलाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ
-जिले के देहात क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था नहीं है और नेटवर्क की भी समस्या है। जिससे शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। - राजकुमार शर्मा, जिलामंत्री प्राथमिक शिक्षक संघ
-ऑनलाइन उपस्थिति के लिए प्रधानाध्यापकों को उनकी आईडी पर सिम लेने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि विभाग को अपने स्तर से सीयूजी की व्यवस्था करानी चाहिए। - प्रदीप शर्मा, पिलाना ब्लॉक अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ