विद्युत लाइन में फाल्ट से सप्लाई बंद, लोग परेशान
रमाला। कंडेरा बिजलीघर की लाइन में फाल्ट आने से गांव की सप्लाई बंद हो गई है। जिससे ग्रामीणों को पेयजल, पशुओं के लिए चारा काटने आदि समस्याओं से जूझना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि एक माह पूर्व गांव में दोघट फीडर से सप्लाई की जा रही थी। उसके बाद कान्हड़ फीडर से गांव की लाइन जोड़ दी गई है। लाइन जर्जर होने के कारण आए दिन फाल्ट हो रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह लाइन में फाल्ट आने से गांव की बिजली गुल हो गई, जो देर शाम तक नहीं आई। बिजली सप्लाई ठप होने के कारण ग्रामीण पेयजल के लिए तरस गए। लोगों ने हैंडपंप के सहारे पेयजल की व्यवस्था की। इसके अलावा पशुओं के चारा काटने की समस्या का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि कंडेरा बिजलीघर की लाइन खेतों से होकर गुजर रही है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों से समस्या का समाधान करने के लिए लाइन बदलवाने की मांग की है। जेई विनोद कुमार का कहना है कि लाइन में फाल्ट हो गया है। बारिश बंद होने के बाद फाल्ट ठीक कर सप्लाई शुरू कराई जाएगी।