अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में रेलवे फाटक पार हाईवे निर्माण को लेकर हो रही खुदाई में पाइप लाइन टूटने से कबीर कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जिससे कॉलोनी के नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने जल्द पाइप लाइन दुरुस्त कराने की मांग की है।
कस्बे में मेरठ-बागपत हाईवे निर्माण के लिए खुदाई चल रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप खुदाई के समय पानी की पाइप लाइन टूट गई। जिससे नगर की कबीर कॉलोनी की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। कॉलोनी में शनिवार को पानी की सप्लाई न होने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कॉलोनी के संजय वर्मा, सुरेश वर्मा, अनिल कुमार व धर्मवीर ने बताया कि शुक्रवार हाईवे निर्माण के लिए खुदाई के दौरान पाइप लाइन टूट गई थी। जिससे शनिवार को कॉलोनी में पेयजल की सप्लाई नहीं हो पाई। नागरिकों ने नगर पंचायत से शीघ्र पाइप ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की है। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अंकित शर्मा ने बताया कि पाइप लाइन टूटने के बारे में जानकारी है। पाइप लाइन को जल्द ही ठीक कराकर आपूर्ति शुरू की जाएगी।