छपरौली पुलिस की गिरफ्त में रविंद्र फौजी।
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली में चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, नहीं दिखा पाया लाइसेंस
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी सुनील राठी का ममेरा भाई रविंद्र फौजी पिस्टल और राइफल के साथ पकड़ा गया। छपरौली थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वह शस्त्र लाइसेंस नहीं दिखा पाया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि कूड़ी गांव निवासी रविंद्र फौजी के कब्जे से 32 बोर का एक पिस्टल व इसके सात कारतूस, 30 बोर की रायफल और इसके चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उससे शस्त्र लाइसेंस के विषय में जानकारी मांगी, लेकिन वह नहीं दिखा पाया। पुलिस को जांच में जानकारी मिली है कि पिस्टल उसके मेरठ निवासी दोस्त हरीश का है। राइफल के विषय में अभी तक पुलिस को जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है।
चुनावी पोस्टरों पर लगे हैं फोटो
बागपत। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही है। कुख्यात सुनील राठी की मां टीकरी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजबाला चौधरी भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। राजबाला चौधरी के प्रचार पोस्टरों पर रविंद्र फौजी के पोस्टर लगे हुए हैं।
बड़ौत के बैंक में करता है नौकरी
बागपत। सीओ बड़ौत आलोक कुमार ने बताया कि रविंद्र फौजी बड़ौत के एक बैंक में बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात है। वह हथियार कहां से लाया और कहां ले जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।