बागपत। किसानों को गन्ना मिलों से भले ही गन्ने का अधिकतम दाम 370 रुपये क्विंटल मिल रहा हो। मगर, अब गन्ना ऑनलाइन बिक रहा है और वहां दाम भी साढ़े तीन हजार रुपये क्विंटल तक है। किसानों से गन्ना लेने के लिए कंपनियों के प्रतिनिधि संपर्क कर रहे हैं जो मीठे व सफेद गन्ने की मांग ज्यादा कर रहे हैं।
ऑनलाइन खाद्य सामान बेचने वाली कोई एक नहीं, बल्कि दस से ज्यादा कंपनियों ने गन्ना बेचना शुरू कर दिया है। वह किसानों से गन्ना लेकर उसकी धुलाई व छोटे टुकड़े करके पैकेट में बंद करके बेच रही हैं। किसी कंपनी के एक किलो तो कोई आधा किलो के पैकेट बनाकर बेच रही हैं। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि एक किलो गन्ने का पैकेट सबसे कम 35 रुपये में मिल रहा है।
इसमें भी अगर गन्ने को छीलने के बाद छोटा-छोटा काटकर पैकेट में बेचा जाता है तो वह 50 रुपये किलो तक है। इस तरह एक क्विंटल की बात करें तो सबसे कम साढ़े तीन हजार रुपये क्विंटल गन्ना ऑनलाइन बिक रहा है। अभी अधिकतर कंपनियां गन्ने को ऑनलाइन दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, चंडीगढ़, पंचकूला समेत अन्य जगहों पर बेच रही हैं। छोटे शहरों का पिन कोड डालने पर वहां पहुंचाने के लिए मना कर दिया जाता है।