शामली। दीपावली से पूर्व अपर दोआब चीनी मिल (शामली) ने किसानों को बड़ी राहत दी है। मिल प्रशासन ने वर्ष 2023-24 का 27 करोड़ 60 लाख रुपये का बकाया गन्ना भुगतान किसानों के खातों में जारी कर दिया है।
शामली चीनी मिल पर किसानों का कुल 213 करोड़ रुपये बकाया था। त्रिवेणी समूह द्वारा मिल का अधिग्रहण किए जाने के बाद किसानों और अधिकारियों के बीच बैठक में तय हुआ था कि लंबित भुगतान शीघ्र किया जाएगा।
हाल ही में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गन्ना भुगतान की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने शामली मिल के अतिरिक्त गन्ना महाप्रबंधक केपी सरोहा को निर्देश दिए थे कि दीपावली से पहले किसानों का बकाया भुगतान कर दिया जाए।
मिल के यूनिट हेड संजय शर्मा ने बताया कि त्रिवेणी समूह प्रबंधन के सहयोग से यह राशि तुरंत जारी कर दी गई। शामली गन्ना समिति के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे 27 करोड़ 60 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शामली मिल ने आगामी पेराई सत्र 2024-25 के लिए एक करोड़ पांच लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य तय किया है। मिल प्रबंधन ने यह भी मांग की है कि दूसरे मिलों को आवंटित कुछ गन्ना क्रय केंद्र शामली मिल को दिया जाए, जिससे किसानों को भुगतान और तेजी से मिल सके।