- विद्यालयों में लैब होगी स्थापित, छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर, हार्डवेयर का मिलेगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को अब कॅरिअर विकल्पों की जानकारी मिलेगी। यह सुविधा राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर अगस्त माह से शुरू होगी। इसके लिए विद्यालयों में विशेष लैब भी बनाई जाएगी।
अभी तक यह व्यवस्था केवल राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में उपलब्ध थी। अब बड़ौत और छपरौली के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी। साप्ताहिक कक्षाओं के माध्यम से छात्राओं को मार्गदर्शन मिलेगा। इसमें कंप्यूटर हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और ब्यूटीशियन जैसे कॅरिअर विकल्प शामिल होंगे। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध प्रोफेशनल कोर्सों की जानकारी दी जाएगी। इसमें प्रवेश प्रक्रिया और संबंधित संस्थानों के बारे में भी बताया जाएगा। कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक की छात्राएं इन कोर्सों में शामिल हो सकेंगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता चौधरी ने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण की तैयारी की जा रही है। छात्राओं को यह प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इस पहल से छात्राओं को भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा। उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।