-गाजियाबाद में 11 अगस्त तक आयोजित होगी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल की बास्केटबॉल टीम गाजियाबाद में होने वाली उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल लीग में भाग लेगी। यह लीग 11 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। टीम के खिलाड़ी लीग में शानदार प्रदर्शन के लिए मैदान में जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
कोच अशोक पंवार ने बताया कि प्रदेश स्तर की इस प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को खेलों में कॅरिअर बनाने के टिप्स दिए जाएंगे। इससे पेशेवर बास्केटबॉल को बढ़ावा मिलेगा। चयनित खिलाड़ियों में अक्षय, प्रदीप, नवीन, दीपक, मयंक, आकाश और नीरज शामिल हैं। कोच की देखरेख में तकनीकी कौशल, फिटनेस और टीम संयोजन पर विशेष अभ्यास कराया जा रहा है। अशोक पंवार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। बृहस्पतिवार को खिलाड़ियों को जर्सी देकर शुभकामनाएं दी गईं।
खिलाड़ी अक्षय और प्रदीप ने बताया कि इस लीग में बेहतर प्रदर्शन करने से आगे की राह आसान होगी। वे रोजाना छह-सात घंटे अभ्यास कर रहे हैं। प्रदेशभर की टीमों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ी इन दिनों खूब पसीना बहा रहे हैं। उनका लक्ष्य लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है।