-संविलियन विद्यालय बड़का में दो छात्राओं को मुर्गा बनाकर पीटा था
-पीड़िता ने लगाई कोतवाली में न्याय की गुहार, गिरफ्तारी की मांग
बड़ौत। संविलियन विद्यालय बड़का में दो छात्राओं को मुर्गा बनाकर बेहरमी से मारपीट करने के मामले में छात्रा की मां ने शिक्षक पर समझौते का दवाब बनाने का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़िता कोतवाली पहुंची और शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की।
आपको बता दें कि बड़का गांव के एक व्यक्ति की 11 साल की बेटी गांव स्थित संविलियन विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती है। गत शुक्रवार को मध्यान के दौरान कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा, कक्षा तीन में पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा के साथ स्कूल में खेल रही थी। इसी दौरान जमीन पर लटकी पेड़ की टहनी पर छात्रा का पैर आ गया था। आरोप है कि शिक्षक ने दोनों को मुर्गा बनाकर डंडे से पीट दिया। इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की मां फरिदा की तहरीर पर शिक्षक सचिन गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। आराेप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद शिक्षक लगातार छात्रा की मां पर समझौते का दवाब बना रहा है। समझौता न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है। सोमवार को छात्रा व उसकी मां कोतवाली पहुंचे और न्याय की गुहार लगाते हुए शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की। इंस्पेक्टर संजय शर्मा का कहना है कि जल्द ही शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया जाएगा।