- ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर से दोस्त के साथ कार से बड़ौत के पॉलिटेक्निक कॉलेज में डिग्री लेने जा रहा था बिजनौर के रामठेरा गांव का छात्र
फोटो 10
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ग्रेटर नोएडा से बड़ौत के पॉलीटेक्निक कॉलेज में डिग्री लेने जा रहे बिजनौर निवासी पंकज (35) की कार में सीने में दर्द होने से मौत हो गई। उनका साथी गीताराम उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बिजनौर जिले के रामठेरा निवासी गीताराम ने बताया कि वह सूरजपुर की एक कंपनी में काम करता है। पंकज उनके गांव का दोस्त था और कूलर फैक्टरी में ठेकेदारी करता था। पंकज ने बड़ौत के पॉलीटेक्निक कॉलेज से एक कोर्स किया था। मंगलवार सुबह उसे शामली जिले के कैराना जाना था। इसी कारण पंकज भी बड़ौत जाने के लिए गीताराम के साथ चल दिया। दोनों ने सुबह गाजियाबाद में नाश्ता किया और अपनी कार से आगे बढ़े।
रास्ते में पंकज को सीने में दर्द हुआ, जिसके लिए उसने एक मेडिकल स्टोर से टैबलेट ली। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्द फिर बढ़ा तो उसे दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में डॉ. अर्जुन ने बताया कि पंकज को मृत अवस्था में ही लाया गया था। गीताराम ने बताया कि पंकज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
खानपान का रखना चाहिए ध्यान
डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि युवाओं को अपने खानपान पर ध्यान देना चाहिए। सुबह दौड़ लगानी, व्यायाम करना चाहिए। यदि सीने में दर्द होता है तो बिना चिकित्सक की सलाह के दवाई नहीं लेनी चाहिए और समय-समय पर जांच करानी चाहिए।