बड़ौत। शबगा में हरियाणा के लोगों पर रेत खनन करके यमुना की धार मोड़ने का आरोप लगाते हुए लोगों ने रविवार को हंगामा किया। वहां से हरियाणा के लोगों को भगा दिया गया। इस सूचना पर एसडीएम बालकृष्ण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों का शांत कराया।
शबगा के संजीव पंवार ठेकेदार, सत्येंद्र, महक सिंह, रविंद्र ने बताया कि गांव के पास यमुना में खनन करके धार को गांव की ओर मोड़ दिया गया है। इससे किसानों की गन्ने, ज्वार, सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा है। इसको लेकर ही विरोध जताने के लिए लोग वहां पहुंचे। एसडीएम बालकृष्ण सिंह ने वहां पहुंचकर बताया कि मौके पर जांच के दौरान शबगा गांव के खादर में खनन होता नहीं मिला, जबकि हरियाणा की ओर खनन होता मिला। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान विनोद पंवार, पूर्व प्रधान सत्येंद्र, सुधीर, बिजेंद्र, कंवरपाल सहित अन्य मौजूद रहे।