बागपत नगर पालिका में वार्ता के दौरान ईओ केके भड़ाना को खरी खोटी सुनाते राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रां
बागपत। नगर पालिका के सफाई कर्मियों की हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। इससे सड़कों व गलियों में गंदगी के ढेर लग गए।। उधर, सफाईकर्मियों ने नगर पालिका में धरना देकर ईओ और चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की। नगर पालिका में अफसरों के साथ कई घंटे चली वार्ता में भी समाधान नहीं हो सका। सफाई कर्मी हड़ताल जारी रखने का एलान कर वहां से चले गए।
सफाई नायक सतीश कुमार को निलंबित करने, पीएफ और वेतन में कटौती करने के विरोध में शुक्रवार को ठेका सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। सफाई नायक सतीश कुमार ने ईओ और कंपनी के अफसरों पर सफाईकर्मियों को हटाने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर निलंबित करने का आरोप लगाया था। चार दिन से लगातार हड़ताल के कारण सफाई नहीं होने से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
सोमवार को राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आकाश चंदेल के नेतृत्व में सफाईकर्मी धरनास्थल से जुलूस निकालकर नगर पालिका पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना देकर बैठ गए। सफाई कर्मियों ने चेयरमैन और ईओ पर उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष आकाश चंदेल ने कहा कि सफाई कर्मियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पालिका में हंगामा होने के बाद चेयरमैन राजुद्दीन व ईओ केके भड़ाना के साथ प्रतिनिधि मंडल ने वार्ता की। जहां घंटों चली वार्ता के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। इस मौके पर रवि वेदी, आशीष एडवोकेट, अरविंद, सतीश कुमार, नवीन कुमार, भारत, सुशील समेत अन्य मौजूद रहे।