बड़ौत के किदवई नगर में पथराव में घायल वार्ड ब्याय आरिफ
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित छपरौली चुंगी के समीप किदवई नगर में बुधवार रात पेट्रोल की अवैध ब्रिकी को लेकर बवाल हो गया। दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उनमें धारदार हथियार चले तथा पथराव हुआ। इसमें सीएचसी पर तैनात वार्ड ब्वाय समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग भी की। इस संबंध में घायल वार्ड ब्वाय के परिजनों ने दूसरे पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है।
किदवई नगर निवासी आरिफ पुत्र अनीश सीएचसी पर वार्ड ब्वाय है। वह देर शाम ड्यूटी से घर किदवई नगर आ रहा था। इस दौरान उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इस पर उसने मोहल्ले में पेट्रोल की अवैध ब्रिकी करने वाले युवक को फोन करके पेट्रोल लाने के लिए बोला। इस पर उसने इनकार कर दिया। जिसके बाद आरिफ वहां पहुंचा और गालीगलौज कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। दोनों पक्ष रात में फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान उनमें धारदार हथियार चले तथा पथराव भी हुआ। आरोप है कि पेट्रोल की अवैध ब्रिकी करने वालों ने कई राउंड फायरिंग भी की। विवाद में एक पक्ष से आरिफ पुत्र अनीश व उसका भतीजा अफरोज पुत्र इरफान व दूसरे पक्ष से आसिफ घायल हो गए।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस पर एक पक्ष ने पुलिस पर पेट्रोल की अवैध ब्रिकी कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह मौके पर पहुंचे और लाठी-फटकार भीड़ को तितर-बितर कर दिया। वहीं, घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया। इस संबंध मेें घायल आरिफ पुत्र मोहम्मद अनीश ने दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह का कहना है कि शराब पीकर झगड़ा हुआ था। पथराव जैसी कोई बात नहीं है। अभी एक पक्ष ने तहरीर दी है। अवैध पेट्रोल ब्रिकी कराने का आरोप झूठा है।
वर्जन
अभी मामला संज्ञान में नहीं है। इसकी जानकारी कराकर कार्रवाई की जाएगी। -हरीश भदौरिया, सीओ
हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस से उलझते लोग- फोटो : BARAUT
बड़ौत के किदवई नगर में पथराव का दृश्य- फोटो : BARAUT