हवाई फायरिंग का भी आरोप, चार महिलाओं सहित 11 लोग घायल
पुलिस दोनों पक्षों के दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, सभी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के ब्राह्मण पुट्ठी गांव में शुक्रवार को कूड़ा उठाने के विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। लाठी डंडे चले, पथराव किया गया। इसमें चार महिलाओं सहित 11 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हवाई फायरिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। इन सभी दस को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
शुक्रवार सुबह ब्राह्मण पुट्ठी गांव में कूड़ा उठाने को लेकर अनीता कश्यप और बेदू गुर्जर पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से लाठी डंडे चले। एक-दूसरे पर पथराव किया गया और हवाई फायरिंग भी की गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पर भी फायरिंग की गई। एक पक्ष की ओर से अनीता कश्यप, संगीता, मोहित, टीकम उर्फ टिल्लू, भुरू, बिरमो जबकि दूसरे पक्ष की ओर से बेदू गुर्जर, कमला, महेश, अंकित, सुनील घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र पाल सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई, जिसमें दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें एक पक्ष के मंगलसेन उर्फ काला, मोहित, टीकम उर्फ टूल्लू, सतीश जबकि दूसरे पक्ष के महेश, राजपाल, वेदपाल, सुनील, अंकित, अनिल शामिल है। इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।